हिंदू मुस्लिम एकता कमेटी ने जिला प्रशासन को सौंपा ज्ञापन
गोरखपुर। पैग़ंबर-ए-इस्लाम हज़रत मोहम्मद सल्लल्लाहो अलैहि वसल्लम का जन्मदिवस ईद मिलादुन्नबी पर्व के रूप में 19 या 20 अक्टूबर को हर्षोल्लास के साथ मनाया जाएगा। जन्मदिवस के मौके पर जुलूस-ए-मोहम्मदी निकाले जाने की सदियों पुरानी परंपरा रही है़। गुरुवार को इस बाबत हिंदू मुस्लिम एकता कमेटी ने मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन जिला प्रशासन को सौंपा। प्रतिनिधिमंडल ने मांग किया कि जुलूस-ए-मोहम्मदी मार्गों को तत्काल सही करवाया जाए।

कमेटी के संरक्षक शाकिर अली सलमानी ने कहा कि सरकार की गाइडलाइन के मुताबिक जुलूस-ए-मोहम्मदी शांतिपूर्वक निकाला जाएगा। अमन का पैग़ाम दिया जाएगा। हमारी सरकार से मांग है कि जुलूस निकालने के बाबत जल्द गाइडलाइन जारी की जाए। जुलूस के मार्गों को जल्द से जल्द सही करवा लिया जाए। खासतौर से गोरखनाथ मंदिर के निकट अहमदनगर चक्सा हुसैन वार्ड नंबर 64 में जलजमाव से बीस हजार की आबादी त्रस्त है। नगर आयुक्त और मेयर इस वार्ड में बिल्कुल ध्यान नहीं दे रहे हैं। जल निकासी न होने की वजह से बीस हजार लोग अपने घरों में कैद रहते हैं। सड़क व नालियां टूटी हैं। कोई पूछने वाला नहीं है। नगर निगम को ज्ञापन धरने के माध्यम से कई बार अवगत कराया गया। मगर अहमद नगर वासियों की समस्या पर कोई कार्रवाई नहीं हुई। जुलूस-ए-मोहम्मदी में दस बारह दिन बाकी है। पैग़ंबर-ए-इस्लाम के जन्मदिवस की खुशी में घर-घर से लोग जुलूस-ए-मोहम्मदी निकलते हैं। हमारी मांग है कि जुलूस-ए-मोहम्मदी का जो मार्ग है उसे तत्काल सही करवा दिया जाए। वाटर सप्लाई की व्यवस्था बेहतर की जाए। जलनिकासी का उचित इंतजाम किया जाए।

ज्ञापन सौंपने वालों में सैयद इरशाद अहमद, गौतम लाल श्रीवास्तव, इश्तियाक अहमद, उस्मान अहमद, मो. आज़म, योगेंद्र कुमार, भोला अंसारी, नेहाल अंसारी, वीरु शेख, वाजिद अली, महताब आलम, आसिफ शेख, नूर अहमद, आसिफ अली आदि शामिल रहे।