गोरखपुर

अल्लाह हर दिल की पुकार सुनता है: मुफ्ती खालिद अय्यूब

तुर्कमानपुर में ‘अल्लाह पर यकीन और अच्छा इंसान बनने की राह’ विषय पर संगोष्ठी

गोरखपुर। मकतब इस्लामियात तुर्कमानपुर में ‘अल्लाह पर यकीन और अच्छा इंसान बनने की राह’ विषय पर संगोष्ठी हुई। कुरआन-ए-पाक की तिलावत व नात-ए-पाक हाफिज रहमत अली निजामी ने पेश की।

मुख्य वक्ता तहरीक उलमा-ए-हिंद के चेयरमैन मुफ्ती खालिद अय्यूब मिस्बाही ने कहा कि अल्लाह पर यकीन (तवक्कुल) का मतलब है अपना सब कुछ अल्लाह के सुपुर्द कर देना और यह मानना कि जो कुछ भी होता है, उसी की मर्जी से होता है। अल्लाह पर अडिग विश्वास रखना न केवल मानसिक शांति देता है, बल्कि इंसान को हर मुश्किल परिस्थिति से लड़ने की ताकत प्रदान करता है। हर परेशानी के बाद आसानी आती है। जैसे अल्लाह पक्षियों को भूखा उठाता है पर भूखा सुलाता नहीं, वैसे ही वह अपने बंदों को भी रोजी देता है। अल्लाह हर दिल की पुकार सुनता है और जो हमारे लिए बेहतर है, वही देता है। अल्लाह की मोहब्बत पर जितना ज्यादा यकीन होता है, बंदा खुद को अल्लाह के उतना ही करीब पाता है।

उन्होंने कहा कि एक अच्छा और नेक मुसलमान बनना जीवन का सबसे बड़ा लक्ष्य होना चाहिए। नेक बनने का अर्थ है अपने मन, वचनों और कर्मों में शुद्धता लाना और दूसरों के प्रति दया और सहानुभूति रखना। यदि आप अपने जीवन में नेक इंसान बनने की राह पर चलना चाहते हैं, तो हमेशा सत्य का साथ दें और अपने कार्यों में पारदर्शी रहें। अहंकार को छोड़ें और दूसरों से बात करते समय अपनी भाषा में मधुरता लाएं। गुस्से और प्रतिशोध की भावना को त्यागकर शांत रहने का प्रयास करें। बिना किसी स्वार्थ के दूसरों की मदद करें।

अध्यक्षता करते हुए राजस्थान के अरबाज रजा कादरी ने कहा कि दूसरों के दुःख-दर्द को समझें और किसी को मानसिक या शारीरिक ठेस न पहुंचाएं। गलतियों को पकड़कर बैठने के बजाय लोगों को माफ करना सीखें। हमेशा चरित्रवान, सकारात्मक और अच्छे विचारों वाले लोगों के साथ रहें। अपने दैनिक कार्यों और दिनचर्या को व्यवस्थित और अनुशासित रखें। केवल अच्छा दिखने या कहलाने के बजाय सचमुच भीतर से नेक बनें।

संगोष्ठी में कारी मुहम्मद अनस नक्शबंदी, जीशान, रूशान, अब्दुस्समद, मुहम्मद शाद, सफियान, रौशन अली, मुहम्मद जैद, रहमत अली, जैनुल आबिदीन, मुहम्मद आबिद, मुहम्मद सैफ, जलालुद्दीन, शिफा खातून, सना फातिमा, फिजा खातून, शालिबा, मुबस्सिरा, खुशी, फिजा खातून, सानिया, अदीबा सहित तमाम लोगों ने हिस्सा लिया।

समाचार अपडेट प्राप्त करने हेतु हमारा व्हाट्सएप्प ग्रूप ज्वाइन करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *