गोरखपुर चुनावी हलचल

उप्र विधानसभा चुनाव: कभी गोरखपुर-बस्ती मंडल की चार सीटों से जीतते थे मुस्लिम प्रत्याशी

गोरखपुर। उप्र विधानसभा चुनाव 2022 की तैयारी सभी पार्टियों ने शुरू कर दी है। वर्ष 2017 के विधानसभा चुनाव को अगर छोड़ दें तो पिछले तीन विधानसभा चुनाव में गोरखपुर-बस्ती मंडल की 41 सीटों में 4 सीटों पर मुस्लिम प्रत्याशी जरूर जीतते थे लेकिन पिछले विधानसभा चुनाव में एक भी मुस्लिम प्रत्याशी जीत हासिल नहीं कर सका। हां, जीत के करीब जरूर पहुंचा। इस बार देखना दिलचस्प होगा कि भाजपा, सपा, कांग्रेस, बसपा, एआईएमआईएम, पीस पार्टी आदि जीत हासिल करने के लिए क्या रणनीति अपनाती हैं।

हर बार की तरह इस बार भी उप्र की सियासत में मुसलमान मतदाता अहम भूमिका में नज़र आ रहे हैं। माना जाता है कि गोरखपुर-बस्ती मंडल के सात जिलों की 41 सीटों में से 13 सीटों पर मुस्लिम मतदाताओं का खास प्रभाव है। सभी पार्टियों की निगाहें शोहरतगढ़, बांसी, इटवा, डुमरियागंज, मेंहदावल, खलीलाबाद, पनियरा, गोरखपुर ग्रामीण, पिपराइच, फाजिलनगर, कुशीनगर, पथरदेवा, रामपुर कारखाना मुस्लिम बाहुल्य इलाकों पर लगी हुई हैं।

बताते चलें कि डुमरियागंज सीट पर तो हर बार मुस्लिम प्रत्याशी चुनाव जीतता था लेकिन पिछले विधानसभा चुनाव में बहुत मामूली अंतर से भाजपा ने चुनाव जीत लिया। वहीं खलीलाबाद, रामपुर कारखाना, मेंहदावल में भी मुस्लिम प्रत्याशी जीत हासिल करते चले आ रहे थे लेकिन पिछले चुनाव में भाजपा ने जीत हासिल की।

वर्ष 2002 में डुमरियागंज से सपा के कमाल यूसुफ मलिक, मेंहदावल से सपा के अब्दुल कलाम, गौरी बाजार से सपा के शाकिर अली व सलेमपुर से बसपा की गजाला लारी ने जीत हासिल की।

वर्ष 2007 में डुमरियागंज से बसपा के तौफीक अहमद, मेहंदावल से सपा के अबुल कलाम, सलेमपुर से सपा की गजाला लारी व केसरहा से बसपा के मो. ताबिश खान चुनाव जीतने में कामयाब हुए थे।

वहीं 2012 में चार मुस्लिम प्रत्याशी चुनाव जीतने में कामयाब हुए थे। डुमरियागंज से पीस पार्टी के मलिक कमाल यूसुफ ने जीत हासिल की थी। खलीलाबाद से पीस पार्टी के डॉ. अयूब, पथरदेवा से सपा के शकिर अली व रामपुर कारखाना से सपा की गजाला लारी ने जीत हासिल की थी।

पिछले चुनाव में दोनों मंडलों की एक भी सीट पर मुस्लिम प्रत्याशी जीत हासिल करने में कामयाब नहीं हुआ। यह जरूर रहा कि कई सीटों पर मुस्लिम प्रत्याशी दूसरे स्थान पर रहे।

उप्र विधानसभा चुनाव 2017 में गोरखपुर-बस्ती मंडल की आठ सीटों पर मुस्लिम प्रत्याशियों की स्थिति

  1. शोहरतगढ़ विधानसभा : मो. जमील : बसपा : दूसरा स्थान (22124 वोट से हारे)
  2. इटवा विधानसभा : अरशद खुर्शीद : बसपा : दूसरा स्थान (10208 वोट से हारे)
  3. डुमरियागंज विधानसभा : सैयदा खातून : बसपा : दूसरा स्थान (केवल 171 वोट से हारीं)
  4. खलीलाबाद विधानसभा : मशहूर आलम चौधरी : बसपा : दूसरा स्थान (16037 वोट से हारे)
  5. पिपराइच विधानसभा : आफताब आलम उर्फ गुड्डू : बसपा : दूसरा स्थान (12809 वोट से हारे)
  6. पडरौना विधानसभा : जावेद इकबाल : बसपा : दूसरा स्थान (40552 वोट से हारे)
  7. पडरौना विधानसभा : शाकिर अली : सपा : दूसरा स्थान (42997 वोट से हारे)
  8. रामपुर कारखाना विधानसभा : गजाला लारी : सपा : दूसरा स्थान (9987 वोट से हारे)

समाचार अपडेट प्राप्त करने हेतु हमारा व्हाट्सएप्प ग्रूप ज्वाइन करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *