- अंतरराष्ट्रीय गिद्ध जागरूकता दिवस पर एमएमएमयूटी में संवाद
गोरखपुर।
मदन मोहन मालवीय प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय गोरखपुर के आर्यभट्ट सभागार में 3 सितंबर शनिवार को अंतराष्ट्रीय गिद्ध जागरूकता दिवस मनाया जाएगा। ‘गिद्ध संरक्षण- पर्यावरण संरक्षण’ विषयक संवाद 2022 एवं ‘फिल्म्स फॉर ह्यूमैनिटी’ श्रृंखला में ग्रीन आस्कर से सम्मानित माइक हरगोविंद पाण्डेय की फिल्में प्रदर्शित की जाएंगी।
यह जानकारी छात्र क्रिया कलाप परिषद एमएमएमयूटी गोरखपुर के अध्यक्ष डॉ संजय सोनी एवं हेरिटेज फाउंडेशन के मनीष चौबे ने दी। डॉ संजय सोनी ने बताया कि यह कार्यक्रम आर्यभट्ट सभागार में शनिवार की सुबह 10.30 बजे आयोजित होगा। मदन मोहन मालवीय प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय एवं हेरिटेज फाउंडेशन गोरखपुर (रजि.) के संयुक्त तत्वावधान में ‘छात्र क्रिया कलाप परिषद’ के सहयोग से आयोजित होने वाले कार्यक्रम के मुख्य अतिथि विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ जेपी पाण्डेय होंगे। अध्यक्षता स्थाई लोक अदालत के अध्यक्ष गिरीजेश कुमार पाण्डेय करेंगे। मुख्य वक्ता अधिष्ठाता नियोजन, स्त्रोत जनन एवं पुरातन छात्र सम्बन्ध प्रोफेसर गोविंद पाण्डेय होंगे। हेरिटेज फाउंडेशन की संरक्षिका डॉ अनिता अग्रवाल एवं छात्र क्रिया कलाप परिषद के उपाध्यक्ष डॉ सुधीर नारायण सिंह भी संबोधित करेंगे। फिल्म प्रदर्शन के सत्र को प्रख्यात पर्यावरणविद् एवं संरक्षणकर्ता माइक हरगोविंद पाण्डेय वर्चुअल संबोधित भी करेंगे। डॉ संजय सोनी ने बताया कि इस कार्यक्रम में कोई भी पर्यावरण प्रेमी शामिल हो सकता है। गुरुवार को कार्यक्रम की तैयारियों के लेकर हेरिटेज फाउंडेशन के नरेंद्र मिश्र, मल्लिका मिश्रा, मनीष चौबे, अनिल तिवारी, शिवेंद्र यादव बैठक कर तैयारियों की समीक्षा की।