गोरखपुर। हज कमेटी ऑफ इंडिया ने हज 2022 के लिए एक्शन प्लान जारी कर दिया है। इसके साथ ही गोरखपुर में ऑनलाइन फॉर्म भरने का सिलसिला शुरू हो चुका है। जिला अल्पसंख्यक कल्याण विभाग से मिली जानकारी के अनुसार हज 2022 के लिए जिले में दो हज ई सुविधा केंद्र यानी हज फैसिलिटेशन सेंटर बनाए गए हैं। पहला हज ई सुविधा केंद्र मदरसा अंजुमन इस्लामिया खूनीपुर व दूसरा मदरसा जामिया रज़विया अहले सुन्नत गोला बाज़ार में बनाया गया है। जहां से ऑनलाइन हज फॉर्म भरा जा सकता है। वहीं जरुरी कागजात अपलोड किया जा सकता है।
मुस्लिम मामलों के जानकार नवेद आलम ने बताया कि इस बार 65 साल से ज्यादा उम्र के लोगों को मुक़द्दस हज के सफ़र पर जाने का मौका नहीं मिल सकेगा। हज कमेटी ने जारी गाइडलाइन में अधिकतम उम्र सीमा 65 साल तय कर दी है। वहीं एक कवर पर सिर्फ 5 लोगों को जाने की परमिशन होगी। हज का सफ़र 36 से 42 दिन का होगा। 31 जनवरी तक हज के लिए आवेदन किए जा सकते हैं।
मोहम्मद आज़म ने बताया कि कोविड संक्रमण को देखते हुए इस बार हज कमेटी ने सिर्फ ऑनलाइन आवेदन ही मांगे हैं। इसके अलावा फॉर्म भरने का कोई दूसरा विकल्प नहीं होगा।
कारी मोहम्मद अनस रज़वी ने बताया कि सफ़र पर जाने की चाह रखने वाले आज़मीन को फीस भी ऑनलाइन ही जमा करनी होगी। पहली किस्त 81000 रुपए तय की गई है। विकल्प के तौर पर हज कमेटी की मोबाइल एप पर भी सुविधा दी गई है, जिसके जरिए लोग मोबाइल पर ही अपना फॉर्म भर सकेंगे। एप में ट्यूटोरियल भी दिया हुआ है, जिसके जरिए पहली बार फॉर्म भरने वाला व्यक्ति भी आसानी से इसकी प्रॉसेस समझ सकेगा और अपने फॉर्म भर लेगा।
मुस्लिम मामलों के जानकार एडवोकेट तौहीद अहमद ने बताया कि हज 2022 के लिए इस बार इंबार्केशन प्वाइंट्स में भी बदलाव किए गए हैं। 21 की जगह सिर्फ 10 इंबार्केशन प्वाइंट्स तय किए गए हैं, जहां से सफ़र पर जाने वाले मुसाफिर अपनी फ्लाइट पकड़ेंगे। पश्चिमी यूपी को छोड़कर ज्यादातर मुसाफिरों को लखनऊ से फ्लाइट की सुविधा मिलेगी। सभी हज मुसाफिरों को डिजिटल हेल्थ कार्ड, ‘ई-मसीहा स्वास्थ्य सुविधा, मक्का-मदीना में ठहरने की बल्डिंग/ट्रांसपोर्टेशन की जानकारी, भारत में ही देने वाली ‘ई-लगेज टैगिंग की सुविधा भी दी जाएगी। भारत और सऊदी अरब में हज 2022 के लिए हज पर जाने वाले लोगों के लिए कोरोना प्रोटोकॉल और हेल्थ और हाइजीन के सम्बन्ध में विशेष ट्रेनिंग की व्यवस्था की गई है।
बताते चलें कि देश में बिना मेहरम (पुरुष रिश्तेदार) के करीब 3000 से अधिक महिलाओं ने हज 2020-2021 के लिए आवेदन किया था। वह आवेदन हज 2022 के लिए भी मान्य रहेंगे। बिना मेहरम के हज पर जाने वाली सभी महिलाओं को बिना लॉटरी के हज पर जाने की व्यवस्था की गई है।
यहां से मिलेगी फ्लाइट
अहमदाबाद, बेंगलुरु, कोच्चि, दिल्ली, गुवाहटी, हैदराबाद, कोलकाता, लखनऊ, मुंबई, श्रीनगर
यह कागजात करने हैं अपलोड
- पासपोर्ट का पहला और आखिरी पेज
- लेटेस्ट पासपोर्ट साइज फोटोग्राफ
- कैंसिल चेक की कॉपी
- अड्रेस प्रूफ की कॉपी
महत्वपूर्ण तिथियां
- ऑनलाइन आवेदन फॉर्म भरने की शुरुआत – 1 नवंबर 2021
- फॉर्म भरने की अंतिम तिथि – 31 जनवरी 2022
- कुर्रा (लॉटरी) रिजल्ट – फरवरी 2022
- एडवांस हज अमाउंट जमा करने की अंतिम तिथि – 1 मार्च 2022
- वेट लिस्टेड पिलग्रिम जारी करने की तिथि – 10 मार्च 2022
- फ्लाइट रवानगी – 31 मई 2022