गोरखपुर। ईद-उल-अजहा की नमाज़ रविवार 10 जुलाई को सुबह 5:45 से 10:30 बजे तक शहर की सभी ईदगाहों व विभिन्न मस्जिदों मे अदा की जाएगी। नमाज़ को लेकर ईदगाहों व मस्जिदों में तैयारियां जारी है। शुक्रवार को शहर की ईदगाहों व प्रमुख मस्जिदों में अदा की जाने वाली ईद-उल-अजहा नमाज़ का समय जारी किया गया।
कारी मोहम्मद अनस रजवी ने बताया कि ईदगाह में ईद-उल-फित्र व ईद-उल-अजहा की नमाज़ अदा करना पैगंबर-ए-आज़म हजरत मोहम्मद सल्लल्लाहु अलैहि व आपके सहाबा किराम की सुन्नत है, इसलिए कोशिश रहे कि ईद-उल-अजहा की नमाज़ ईदगाह में ही अदा करें। ईदगाह ईद-उल-फित्र व ईद-उल-अजहा की नमाज़ के लिए खास है।
अमनो अमान से मनाएं त्योहार: उलमा किराम
मुफ्ती-ए-शहर अख्तर हुसैन मन्नानी व नायब काजी मुफ्ती मोहम्मद अजहर शम्सी ने आवम से अपील की है कि ईद-उल-अजहा त्योहार अमनो अमान व उत्साह के साथ मनाया जाए। साफ-सफाई पर विशेष ध्यान दिया जाए। कुर्बानी स्थलों के चारों तरफ पर्दा लगाकर कुर्बानी करें। अपशिष्ट पदार्थ, खून व हड्डी वगैरा इधर-उधर न फेंके बल्कि गड्ढे में दफ़न कर दें। प्रशासन का सहयोग करें। सोशल मीडिया पर न ही कुर्बानी की फोटो डालें और न ही वीडियो। त्योहार में गरीबों का खास ख्याल रखें। कुर्बानी 10, 11 व 12 जुलाई यानी तीन दिन तक ही होगी।
ईद-उल-अजहा की नमाज़ का तरीका बताया
सब्जपोश हाउस मस्जिद जाफरा बाज़ार के इमाम हाफिज रहमत अली निजामी ने ईद-उल-अजहा की नमाज़ का तरीका बताते हुए कहा कि पहले नियत कर लें कि “नियत की मैंने दो रकात नमाज ईद-उल-अज़हा वाजिब जाइद छह तकबीरों के वास्ते अल्लाह के, पीछे इस इमाम के, मुंह मेरा काबा शरीफ की तरफ। तकबीरे तहरीमा ‘अल्लाहु अकबर’ कहते हुए दोनों हाथ कानों तक उठाकर हाथों को नाफ के नीचे बांध कर सना पढ़ें। इसके बाद तीन जाइद तकबीर होगी। दूसरी और तीसरी मरर्तबा ‘अल्लाहु अकबर’ कहते हुए हाथ कानों तक ले जाएं फिर छोड़ दें। चौथी मर्तबा तकबीर कहकर हाथ कानों तक ले जाएं फिर नाफ के नीचे बांध लें। अब इमाम किरात करे मुकतदी खामोशी से किरात सुनें। इमाम के साथ रकात पूरी करें।
दूसरी रकात के लिए उठें इमाम किरात करे मुकतदी खामोशी से किरात सुनें। किरात के बाद तीन मर्तबा तकबीर कहते हुए हाथ कानों तक ले जाएं और हाथ छोड़ दें चौथी मर्तबा बगैर हाथ उठाए तकबीर कहते हुए रुकू में जाएं और नमाज पूरी कर लें, बाद नमाज इमाम खुतबा पढ़े और मुकतदी खामोशी के साथ सुनें। खुतबा सुनना वाजिब है। जिन मुकतादियों तक आवाज न पहुंचती हो उन्हें भी चुप रहना वाजिब है फिर दुआ मांगें। खुशी का इजहार करने के लिए हाथ मिलाना व गले मिलना बेहतर है।
ईदगाहों व मस्जिदों में ईद-उल-अजहा की नमाज़ का समय (सुबह)
- चिश्तिया मस्जिद बक्शीपुर, बेनीगंज ईदगाह रोड मस्जिद – 5:45 बजे
- सुन्नी बहादुरिया जामा मस्जिद रहमतनगर, मदरसा दारूल उलूम हुसैनिया दीवान बाजार, मक्का मस्जिद मेवातीपुर, मस्जिद मजहरूल हक गीता प्रेस, गौसिया जामा मस्जिद लीची बाग जामिया नगर, नूरी जामा मस्जिद अहमदनगर चक्शा हुसैन – 6:00 बजे
- मोती जामा मस्जिद अमरुतानी बाग रसूलपुर – 6:15 बजे
- बेलाल मस्जिद इमामबाड़ा अलहदादपुर, मस्जिद फैजाने इश्के रसूल अब्दुल्लाह नगर सिधारीपुर, हुसैनी जामा मस्जिद बड़गो, जामा मस्जिद गुलरिया बाज़ार, मस्जिद अहले बैत पुराना गोरखपुर गोरखनाथ, गाजी मस्जिद गाजी रौजा, अशरफी जामा मस्जिद हुमायूंपुर उत्तरी, नूर जामा मस्जिद चिलमापुर – 6:30 बजे
- मस्जिदे जोहरा मौलवी चक बड़गो, नूरानी जामा मस्जिद कामरेड नगर रसूलपुर – 6:45 बजे
- मरकजी मदीना जामा मस्जिद रेती चौक, ईदगाह हज़रत मुबारक खां शहीद नार्मल, हुसैनी मस्जिद पादरी बाज़ार, गौसिया निजामिया मस्जिद बिछिया, मस्जिद खूनीपुर छोटा ज़िब्ह खाना, शाही जामा मस्जिद तकिया कवलदह रसूलपुर, मुकीम शाह जामा मस्जिद बुलाकीपुर, झरना टोला मस्जिद, बिलाल जामा मस्जिद दरिया चक भट्टा, हुसैनी जामा मस्जिद नथमलपुर रसूलपुर, लाल जामा मस्जिद गोलघर, अकबरी जामा मस्जिद अहमदनगर, गॉर्डन हाउस मस्जिद जाहिदाबाद गोरखनाथ, फिरदौस मस्जिद जमुनहिया बाग, अक्सा मस्जिद शाहिदाबाद हुमायूंपुर उत्तरी – 7:00 बजे
- गौसिया जामा मस्जिद छोटे काजीपुर, जामा मस्जिद सुब्हानिया तकिया कवलदह सूर्यविहार कॉलोनी – 7:15 बजे
- ईदगाह रानीडीहा इंजीनियरिंग कॉलेज, जामा मस्जिद रसूलपुर, मस्जिद जामे नूर ज़फ़र कॉलोनी बहरामपुर, जामा मस्जिद उर्दू बाजार, ईदगाह इमामबाड़ा इस्टेट मियां बाज़ार, मस्जिद उंचवा – 7:30 बजे
- ईदगाह फतेहपुर मेडिकल कॉलेज के सामने, औलिया जामा मस्जिद मदरसा मजहरूल उलूम घोसीपुरवा, गुलशने कादरिया मस्जिद असुरन पोखरा- 8:00 बजे
- ईदगाह सेहरा बाले का मैदान बहरामपुर, ईदगाह बेनीगंज – 8:30 बजे
- सब्जपोश हाउस मस्जिद जाफरा बाजार – 8:45 बजे
- शाही मस्जिद बसंतपुर सराय – 10:00 बजे
- सुन्नी जामा मस्जिद सौदागार मोहल्ला बसंतपुर – 10:30 बजे