गोरखपुर। उत्तर प्रदेश मदरसा शिक्षा परिषद द्वारा आयोजित मुंशी-मौलवी परीक्षा 2026 में गोला बाजार, गोरखपुर स्थित जामिया रजविया अहले सुन्नत मदरसे की छात्रा साइमा परवीन ने शानदार प्रदर्शन करते हुए पूरे प्रदेश में तीसरी रैंक हासिल की है। साइमा ने 89.33% अंकों के साथ यह उपलब्धि प्राप्त की।
इस साल मुंशी-मौलवी परीक्षा का कुल परिणाम 88.07% रहा। गोला बाजार की बेटी साइमा की इस कामयाबी से पूरे इलाके में खुशी की लहर है।
साइमा ने अपनी सफलता का श्रेय दिया
परिणाम आने के बाद साइमा परवीन ने कहा, “यह मेरे लिए बेहद गर्व का पल है। यह सफलता मेरी अम्मी सकीना खातून और अब्बू जफरुद्दीन की दुआओं के साथ-साथ मेरे उस्ताद मुफ्ती शोएब रजा, मौलाना सिद्दीक, मुहम्मद उमर और सभी शिक्षकों की मेहनत का फल है।”
भविष्य का लक्ष्य
साइमा का सपना एक बड़ी आलिमा बनकर दीन और समाज दोनों की सेवा करना है। उनकी इस उपलब्धि ने साबित कर दिया कि मदरसे की बेटियां भी किसी से कम नहीं हैं।
साइमा के साथ ही गोरखपुर की रुखसार बानो ने भी 88.17% अंकों के साथ टॉप-10 में छठवां स्थान हासिल किया है।

परीक्षा परिणाम मदरसा बोर्ड की वेबसाइट https://madarsaboard.upsdc.gov.in पर देखे जा सकते हैं।


