गोला बाजार, गोरखपुर। उत्तर प्रदेश मदरसा शिक्षा परिषद द्वारा घोषित मुंशी/मौलवी परीक्षा 2026 के परिणाम में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले 28 छात्र-छात्राओं को सम्मानित करने के लिए आज मदरसा जामिया रिज़्विया अहले सुन्नत, गोला बाजार में भव्य समारोह का आयोजन किया गया।
समारोह में सफल छात्र-छात्राओं का माल्यार्पण कर उन्हें मिठाई खिलाई गई और उनकी हौसला अफजाई की गई। शिक्षकों और अतिथियों ने बच्चों को गले लगाकर उनकी कामयाबी पर खुशी जाहिर की।
टॉपर्स ने बढ़ाया मान
मौलवी की छात्रा साईमा परवीन ने 536/600 अंक यानी 89.33% हासिल कर प्रथम स्थान प्राप्त किया और पूरे प्रदेश में तीसरा स्थान लाकर मदरसे का नाम रोशन किया। उनके साथ मोहम्मद रेहान ने 79.17%, राबिया ने 78%, साहिबा खातून ने 77.83%, सन्नो ने 77.17%, मोहम्मद तनवीर ने 76.83%, साइबा ने 76% और अमीन अली ने 74.67% अंक प्राप्त किए। वहीं मुंशी में सहबाज अहमद ने 78.17% और सल्लू ने 77.33% अंकों के साथ बेहतरीन प्रदर्शन किया। इन सभी टॉप-10 मेधावी छात्र-छात्राओं समेत कुल 28 बच्चों को समारोह में सम्मानित किया गया।
मास्टर मुहम्मद उमर ने सभी 28 सफल छात्र-छात्राओं को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि इन बच्चों ने अपनी मेहनत से मदरसे और इलाके का नाम रोशन किया है।
मदरसे के प्रिंसिपल मौलाना मुहम्मद सिद्दीक कादरी ने बच्चों को संबोधित करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए दुआएं दीं। उन्होंने कहा, “इल्म ही वह ताकत है जो इंसान को दुनिया और आखिरत दोनों में कामयाब बनाती है।”
इस अवसर पर मुफ्ती मोहम्मद शोऐब रज़ा, मास्टर मोहम्मद शाहिद रजा, क़ारी गयासुद्दीन बरकाती, श्री इम्तियाज अहमद, श्री कमरुद्दीन अहमद, मास्टर मोहम्मद अब्बास, श्रीमती जरीना खातून, सुश्री गुलफ्शां बानो, सुश्री रेशमा बानो, सुश्री शबीना बानो सहित मदरसे के समस्त शिक्षकगण एवं बड़ी संख्या में बच्चों के अभिभावक उपस्थित रहे।
गौरतलब है कि मदरसा जामिया रिज़्विया अहले सुन्नत गोला बाज़ार का परिणाम शानदार रहा। मौलवी और मुंशी के कुल 28 बच्चों ने परीक्षा उत्तीर्ण की और सभी प्रथम श्रेणी से पास हुए।



