गोरखपुर

अर्थ आवर की पहल से जुड़ी गोरक्षनगरी

दीन दयाल उपाध्याय गोरखपुर विश्वविद्यालय के प्रशासनिक भवन की बंद रहीं लाइट
8.30 बजे से 9.30 बजे तक अर्थ आवर पर बुझाई गई बत्तियां

जलवायु परिवर्तन की चिंताओं से शहर ने स्वयं को जोड़ा

गोरखपुर। मुख्य संवाददाता
अर्थ आवर 2022 पर शनिवार की शाम 8.30 बजे से 9.30 बजे तक गोरखपुर शहर के विभिन्न क्षेत्रों में लोगो ने अपने घरों की लाईटें बंद रख स्वयं को जलवायु परिवर्तन की चिंताओं से जोड़ा। हेरिटेज फाउंडेशन की पहल पर जिलाधिकारी विजय किरण आनंद ने गोरक्षनगरी वासियों से अपील किया है कि वे ‘अर्थ आवर 2022’ की 16वीं वर्षगांठ पर शनिवार की शाम 60 मिनट के लिए अपनी अनावश्यक बिजली की बत्तियों को बंद रखें। उनकी अपील कर सरकारी संस्थानों समेत व्यक्तिगत रूप से लोगो ने बत्तियां बुझ कर स्वयं को इस अभियान से जोड़ा।
डीन स्टूडेंट्स वेलफेयर प्रो अजय सिंह ने बताया कि दीन दयाल उपाध्याय गोरखपुर विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो राजेश सिंह के निर्देश पर दीन दयाल उपाध्याय गोरखपुर विश्वविद्यालय के प्रशासनिक भवन की लाइटें बंद रखी गई। वहीं विश्वविद्यालय प्रोफेसर महेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि छात्रावास, शिक्षक कॉलोनी के लोगों ने भी अर्थ आवर पर पृथ्वी के प्रति अपनी संवेदनशीलता को दिखाते हुए बत्तियां बंद रखी। जिलाधिकारी विजय किरण आनंद के सरकारी आवास एवं नगर आयुक्त अविनाश कुमार के निर्देश पर उनके सरकारी आवास और नगर निगम भवन की बत्तियां बुझा दी गई। इसी कड़ी में जीडीए उपाध्यक्ष प्रेमरंजन सिंह के सरकारी आवास और जीडीए भवन पर भी ऐसा ही नजारा दिखा। इस अभियान से बहुमंजिला भवन जेमिनी गार्डेनिया के कुछ फ्लैट में रहने वाले लोग भी जुड़े। डीएम विजय किरण आनंद ने बताया कि सन्‌ 2007 में पहला अर्थ आवर मना था, सिर्फ 35 देश जुड़े लेकिन साल 2021 तक विश्व के 192 देश जुड़ चुके थे। अब जब कि यह अभियान 16 साल का हो गया है। गोरक्षनगरी के लोगो ने पहल कर स्वयं को इस अभियान से जोड़ा यह स्वागत करने योग्य है। जीडीए उपाध्यक्ष प्रेमरंजन सिंह ने कहा कि आम लोगों की यह एकजुटता और संवेदनशीलता जलवायु परिवर्तन के प्रति नीति नियांतों को भी संवेदी बनाएगी। हेरिटेज फाउंडेशन की संरक्षिका डॉ अनिता अग्रवाल, डॉ सीमा मिश्रा, सामाजिक कार्यकर्ता मनीष चौबे, नरेंद्र कुमार मिश्र, अनिल कुमार तिवारी कहते हैं कि गोरखपुर शहर के अलग अलग हिस्सों में व्यक्तिगत रूप से लोगों ने अपने घरों की बत्तियां बुझा कर इस अभियान से अपना जुड़ाव प्रदर्शित किया है।

समाचार अपडेट प्राप्त करने हेतु हमारा व्हाट्सएप्प ग्रूप ज्वाइन करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *